पानी की एक-एक बूंद को तरसे पदमपुरवासी, चार दिन से सूखे पड़े नल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भीषण गर्मी के बीच पदमपुर क्षेत्र में पेयजल संकट ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले चार दिनों से जलापूर्ति ठप होने के कारण हजारों लोग पानी के लिए जूझ रहे हैं। हालात यह हैं कि सुबह होते ही महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे खाली बर्तन लेकर पानी की तलाश में निकल पड़ते हैं, जबकि कई परिवार टैंकरों से पानी भरने के लिए घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार पदमपुर क्षेत्र की लगभग तीन हजार आबादी को घराट क्षेत्र स्थित नलकूप से पेयजल आपूर्ति की जाती है। नलकूप में तकनीकी खराबी आने के कारण जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। गर्मी के इस मौसम में पानी की किल्लत ने लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित कर दिया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। नलकूप में लगी पुरानी मोटर अक्सर खराब हो जाती है, जिससे हर वर्ष गर्मियों में पेयजल संकट खड़ा हो जाता है। कई बार विभागीय अधिकारियों से मोटर बदलने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक केवल मरम्मत के सहारे व्यवस्था चलाई जा रही है। परिणाम स्वरूप कुछ समय बाद फिर वही स्थिति पैदा हो जाती है। जल संस्थान द्वारा राहत के तौर पर क्षेत्र में पानी के टैंकर भेजे जा रहे हैं, लेकिन बढ़ती मांग के मुकाबले यह व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है। लोगों का कहना है कि टैंकरों से मिलने वाला पानी सभी परिवारों तक पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच पा रहा है। क्षेत्रवासियों ने विभाग से जल्द नलकूप को सुचारु करने और स्थायी समाधान के लिए नई मोटर लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में बार-बार उत्पन्न होने वाले इस संकट से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *