देहरादून में अवैध शराब पर आबकारी विभाग का बड़ा शिकंजा, चार गिरफ्तार

देहरादून।राजधानी देहरादून में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विभाग की जनपदीय प्रवर्तन टीम ने 3 और 4 नवंबर को पटेलनगर तथा राजपुर थाना क्षेत्रों में छापेमारी और चेकिंग अभियान चलाकर भारी मात्रा में देशी व अंग्रेजी शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
पटेलनगर क्षेत्र में तीन स्थानों पर छापेमारी
सहायक आबकारी आयुक्त प्रेरणा बिष्ट और आबकारी निरीक्षक जयवीर सिंह के नेतृत्व में जनपदीय प्रवर्तन टीम ने 3 नवंबर को थाना पटेलनगर क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।पहली कार्रवाई के दौरान कृष्णा देवी की दुकान से 45 पाउच माल्टा देशी शराब और 48 क्वार्टर इंपीरियल ब्लू व्हिस्की बरामद की गई।
दूसरी कार्रवाई में भरूवाला, टर्नर रोड निवासी गौरव कुमार के घर से 48 क्वार्टर इंपीरियल ब्लू व्हिस्की और 45 पाउच माल्टा देशी शराब जब्त की गई। वहीं, तीसरी कार्रवाई नेहरू कॉलोनी निवासी राजेंद्र कुमार के रिस्पना पुल, आराघर स्थित घर पर की गई। यहां से आबकारी टीम ने 55 पाउच माल्टा देशी शराब बरामद की।
इन तीनों मामलों में आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमे दर्ज किए गए।
राजपुर में स्कूटी से अंग्रेजी शराब बरामद
अवैध शराब के खिलाफ अभियान के तहत आबकारी विभाग ने 4 नवंबर को राजपुर थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई की।मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने सुबह करीब 10:04 बजे काठ बंगला पुल के समीप चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उत्तर प्रदेश नंबर की सफेद रंग की हीरो माइस्ट्रो स्कूटी संख्या वढ12अव 1417 को रोककर तलाशी ली गई।स्कूटी के पायदान पर रखे बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 12 बोतल और 24 हाफ रॉयल स्टैग व्हिस्की बरामद हुई।मौके से नेचर एन्क्लेव, राजपुर निवासी हुकम सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
अवैध शराब के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
आबकारी विभाग की लगातार कार्रवाई से राजधानी में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी करने वालों पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
आबकारी विभाग की टीम अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और तस्करी पर नजर बनाए हुए है। विभाग ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *