देहरादून। राजधानी देहरादून में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई ट्रिपल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। तपोवन क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में आयुध निर्माणी से सेवानिवृत्त दंपती और उनके घर में काम करने वाली नौकरानी की कथित तौर पर पेचकस से हमला कर हत्या कर दी गई। एक ही घर में तीन लोगों की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि वारदात के दौरान घर से चीख-पुकार की आवाजें सुनाई दीं। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो एक संदिग्ध व्यक्ति वहां से भागने का प्रयास कर रहा था। पड़ोसियों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी के पास से लूटी गई सोने की चेन भी बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वारदात के पीछे लूट का मकसद था या इसके पीछे कोई अन्य कारण, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सुरक्षित किया और साक्ष्य जुटाने शुरू किए। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपी से पूछताछ कर रही है।
एक ही घर में तीन हत्याओं की खबर से विष्णु लोक कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। हत्या के वास्तविक कारण और घटनाक्रम का खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।