नई दिल्ली, पश्चिम बंगाल की राजनीति में दशकों बाद एक बड़ा सत्ता परिवर्तन हुआ है. आज कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में जनसैलाब के बीच भाजपा के फायरब्रांड नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली. इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर केंद्र और राज्यों के सभी बीजेपी के बड़े नेता पहुंचें. इसी कड़ी में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता विशेष तौर पर कोलकाता पहुंचीं. उन्होंने शुभेंदु अधिकारी को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर नई पारी की शुभकामनाएं दीं.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इस चुनाव में भाजपा की स्टार प्रचारक के तौर पर उभरी थीं. उन्होंने विशेष रूप से दक्षिण बंगाल की उन सीटों पर फोकस किया था जहां मध्यमवर्गीय और महिला वोटरों का प्रभाव ज्यादा था. रेखा गुप्ता ने कोलकाता और आसपास के जिलों की जिन 12 सीटों पर जनसभाएं और रोड शो किए थे, उनमें से 10 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है.
जानकारों का मानना है कि रेखा गुप्ता की दिल्ली मॉडल वाली छवि और महिला सुरक्षा पर दिए गए उनके भाषणों ने बंगाल की महिला मतदाताओं को भाजपा की ओर मोड़ने में अहम भूमिका निभाई. रेखा गुप्ता ने मुख्य रूप से उन सीटों पर ध्यान केंद्रित किया था जहां हिंदी भाषी मतदाताओं और महिला वोटरों की संख्या अधिक थी. जिन विधानसभा सीटों पर रेखा गुप्ता ने प्रचार किया, वहां भाजपा को शानदार बढ़त मिली है. उनके द्वारा संबोधित की गई जनसभाओं वाले क्षेत्रों में भाजपा ने टीएमसी के महिला कार्ड को बेअसर करते हुए बड़े अंतर से जीत दर्ज की.
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आज भगवा उत्साह चरम पर था. रेखा गुप्ता के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे. इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बंगाल में आज एक नए सूर्योदय की शुरुआत हुई है. शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में अब सोनार बांग्ला का सपना सच होगा. यहां की जनता ने तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति को नकार कर विकास को चुना है.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा आज कि ये सुबह, आज का ये सूरज उस बंगाल के लिए है जहां विकास होगा, जहां विश्वास होगा, और विश्वास और विकास के साथ बंगाल पूरे देश के साथ आगे बढ़ेगा. पिछली सरकार के दौरान जितना भी अत्याचार और भ्रष्टाचार होता था, वह अब खत्म हो गया है. सुवेंदु दा की सरकार ने एक शुभ संकेत दिया है कि अब बंगाल का शुभ ही शुभ होगा.
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले शुभेंदु अधिकारी ने इस बार इतिहास रच दिया है. उन्होंने ममता बनर्जी के अभेद्य दुर्ग भवानीपुर में उन्हें उन्हीं के घर में मात दी. शुभेंदु ने ममता बनर्जी को 15,115 वोटों से हराया. 2021 में नंदीग्राम के बाद अब भवानीपुर में भी शुभेंदु ने अपनी बादशाहत साबित कर दी है.