बिग ब्रेकिंग

दिल्ली सहित इन राज्यों में तीन दिन तक पड़ेगी कड़ाके की ठंड

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

नई दिल्ली, एजेंसी। उत्तर भारत के कई इलाकों में आने वाले एक-दो दिन शीतलहर के साथ कड़ाके की ठंड पड़ेगी। हिमाचल और कश्मीर में तीन दिन बर्फबारी के साथ हल्की बारिश होगी। यहां कई इलाकों में पारा लगातार शून्य से नीचे बना हुआ है। पहाड़ी इलाकों की बर्फीली हवाओं से दिल्ली, राजस्थान और पंजाब में शीतलहर चलेगी। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख के अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में बारिश की संभावना है। इन इलाकों में बारिश के बाद मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5़7 डिग्री और एयर क्वालिटी इंडेक्स 378 दर्ज किया गया। रविवार देर रात दिल्ली में कई स्थानों पर बूंदाबांदी हुई। वहीं, सबसे कम विजिबिलिटी 200 मीटर के करीब दर्ज की गई। मौसम विभाग का मानना है कि रविवार और सोमवार को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से दिल्ली के तापमान में हल्की बढोतरी होगी। वहीं, 28 दिसंबर से शीतलहर चल सकती है। इस दौरान पारा 3 से 5 डिग्री पर पहुंच सकता है।
राजस्थान के पहाड़ी इलाकों की बर्फीली हवाएं मैदानी इलाकों की ओर मुड़ने से राजस्थान में अगले तीन दिन सर्दी का सितम बढ़ेगा। शीतलहर चलने से पारा लुढ़केगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि 30 दिसंबर तक कई शहरों में दिन-रात के तापमान में करीब 3-5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। फिलहाल पारे में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। बीती रात करीब एक दर्जन शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। माउंट आबू दो डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर अगले तीन दिन के लिए अरेंज अलर्ट जारी किया है।
मध्यप्रदेश में 22 जगहों पर तापमान 4 से 10 डिग्री तक दर्ज किया गया। होशंगाबाद में सबसे ज्यादा 13़2 डिग्री तक पारा गया। इंदौर में 12़5 डिग्री सेल्सियस और भोपाल में 10़8 डिग्री रिकर्ड किया गया। हालांकि, उमरिया अब भी सबसे सर्द है। यहां रात का पारा 4़2 डिग्री तक आ गया। मध्यप्रदेश में 28 से ठंड के जोर पकड़ने की उम्मीद की जा रही है। मध्य पाकिस्तान के ऊपर साइक्लोन बनने की संभावना है।
पंजाब में एक बार फिर शीतलहर चलने से कड़ाके की सर्दी पड़ने लगी है। बीते पांच दिनों में धूप से बढ़ा तापमान रविवार को हुई बारिश और शीतलहर के कारण नीचे आ गया। सूबे में अमृतसर सबसे ठंडा रहा। यहां का तापमान 9़6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, अन्य जिलों में 18 डिग्री तक तापमान रिकर्ड किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिन बर्फीली हवा और कोहरे के कारण तापमान में और गिरावट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!