शिक्षकों, कार्मिकों के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण की मांग

Spread the love

अल्मोड़ा। पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों ने शिक्षक और कार्मिकों से जुड़े विभिन्न प्रकरणों को लेकर प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट से मुलाकात कर समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान संगठन की ओर से एक सूत्रीय ज्ञापन भी सौंपा गया। संगठन ने सत्रांत लाभ, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, चयन और प्रोन्नत वेतनमान, सेवानिवृत्त प्रकरण तथा पेंशनरों के देयकों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग उठाई। साथ ही प्रकरणों के निस्तारण के लिए समय सीमा तय करने और आपत्तियां एक ही बार में लगाने की व्यवस्था लागू करने का अनुरोध किया गया। संगठन पदाधिकारियों ने शिक्षा विभाग के कार्यालयों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग करते हुए कहा कि इससे कार्यों का समयबद्ध निस्तारण हो सकेगा और संबद्धीकरण की व्यवस्था समाप्त होगी। बैठक में निकट भविष्य में कार्मिकों, प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्यशाला आयोजित करने का भी प्रस्ताव रखा गया। प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए कहा कि ट्रेजरी और विभागीय विशेषज्ञों की मौजूदगी में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें अशासकीय प्रधानाचार्य, प्रबंधक, कार्मिक और संबंधित पटल सहायकों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि समस्याओं का समाधान किया जा सके। संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार जोशी और सचिव धीरेन्द्र कुमार पाठक ने प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों, शिक्षकों और कार्मिकों से समस्याओं और बिंदुओं की पहचान कर संगठन को उपलब्ध कराने की अपील की, जिससे उन्हें कार्यशाला में विशेषज्ञों के समक्ष रखा जा सके।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *