श्रीनगर गढ़वाल : नगर निगम के वार्ड संख्या-28 आम्रकुंज के पार्षद जेपी बिष्ट ने ऐठाणा गांव जाने वाले मार्ग और रोटरी क्लब की ओर से लगाई गई कुर्सियों पर फैलाई जा रही गंदगी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व रात के समय यहां शराब पीकर खाने-पीने का सामान और खाली बोतलें खुले में छोड़ रहे हैं। यह स्थान प्रकृति के मनमोहक दृश्यों के लिए जाना जाता है लेकिन कुछ लोगों की गैर-जिम्मेदाराना हरकतें इसकी सुंदरता को नुकसान पहुंचा रही हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से कूड़ा संग्रहण वाहन नियमित रूप से क्षेत्र में पहुंच रहा है इसके बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंका जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर कार्रवाई करने की भी मांग की। (एजेंसी)