वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया सरल बनाने की मांग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम के पार्षद सूरज प्रसाद कांति ने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और संशोधन की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि बीएलओ के माध्यम से ही सभी आवेदन और आवश्यक दस्तावेज जमा कराने की व्यवस्था की जाए, ताकि मतदाताओं को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
मंगलवार को उपजिलाधिकारी संदीप कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए पार्षद ने बताया कि वर्तमान में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत उन्होंने अपने परिवार की मैपिंग कराकर बीएलओ को सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा दिए थे। इसके बावजूद उन्हें बीएलओ की ओर से नोटिस प्राप्त हुआ, जिससे प्रक्रिया को लेकर भ्रम और असुविधा की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने मांग की कि नए मतदाताओं के आवेदन पत्र बीएलओ के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएं। साथ ही जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हट गए हैं, उनके फॉर्म-6 भी बीएलओ के जरिए लिए जाने के निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि जो बीएलओ नोटिस वितरित कर रहे हैं, उन्हें ही संबंधित मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज एकत्र करने की जिम्मेदारी भी दी जानी चाहिए। उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने पार्षद द्वारा दिए गए सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित बीएलओ को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर अमित राज सिंह, राकेश शर्मा और राजेंद्र सिंह रावत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *