अर्बन कोऑपरेटिव बैंक संकटजमाकर्ताओं का डीएम कार्यालय में प्रदर्शन

Spread the love

देहरादून। अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड में फंसी जमा पूंजी को लेकर नाराज जमाकर्ताओं ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने बैंक प्रबंधन की कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा जमाकर्ताओं के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद जमाकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि बैंक पर लगे प्रतिबंधों के कारण हजारों खाताधारकों की जीवनभर की जमा पूंजी फंस गई है। इससे अनेक परिवार आर्थिक और मानसिक संकट का सामना कर रहे हैं। बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा, विवाह और दैनिक जरूरतों के लिए भी लोग अपने ही धन का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। जमाकर्ताओं ने आरोप लगाया कि मार्च और अप्रैल में भी प्रशासन को ज्ञापन देकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। उनका कहना है कि बैंक की वास्तविक वित्तीय स्थिति, जांच की प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर भी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी से बैंक प्रकरण की समयबद्ध उच्चस्तरीय जांच, जिला प्रशासन, पुलिस और सहकारिता विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक, दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई तथा जमाकर्ताओं की पूंजी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *