जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विभिन्न कंपनियों में निवेश के नाम पर ठगी का शिकार हुए लोगों के भुगतान आवेदनों पर तहसील स्तर से कार्रवाई नहीं होने पर ठगी पीडितों जमाकर्ता परिवार संगठन ने नाराजगी जताई है। संगठन का कहना है कि पीड़ितों की ओर से आवेदन जमा किए जाने के डेढ़ वर्ष से अधिक समय बाद भी भुगतान की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई है।

प्रदेश अध्यक्ष मुकेश चंद्र बड़थ्वाल के नेतृत्व में संगठन से जुड़े पीड़ितों ने बुधवार को उपजिलाधिकारी संदीप कुमार के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि तहसील प्रशासन की ओर से 24 अक्टूबर 2024 से ठगी पीड़ितों से भुगतान के लिए आवेदन मांगे गए थे। निर्धारित अवधि में 29 मार्च 2025 तक 357 लोगों ने अपने आवेदन तहसील में जमा कराए। संगठन पदाधिकारियों का आरोप है कि आवेदन जमा होने के डेढ़ वर्ष से अधिक समय बीतने के बावजूद इन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे पीड़ितों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से अपनी जमा पूंजी वापस मिलने की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को अब परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने प्रधानमंत्री से मांग की कि ठगी पीड़ितों के लंबित भुगतान आवेदनों पर जल्द कार्रवाई कर उनकी जमा धनराशि वापस दिलाई जाए। साथ ही संबंधित स्तर पर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। ज्ञापन देने वालों में सुखदेव शास्त्री, गजे सिंह रावत, लक्ष्मी बिष्ट, आनंदी देवी, अनीता, धर्मेंद्र, चंद्रपाल और भागीरथी देवी आदि शामिल रहे।