वन्यजीव संरक्षण को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक

Spread the love

मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने में सहयोग की अपील
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : वन्यजीव सप्ताह के तहत लैंसडौन वन प्रभाग की कोटद्वार रेंज के गूलरझाला अनुभाग में मालन अनुभाग चौकी के समीप गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें ग्रामीणों को वन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए संरक्षण का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की गई।


गोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व रेंज अधिकारी आरपी पंत ने वन्यजीव सप्ताह मनाए जाने के उद्देश्य और वन्यजीव संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के बिना धरती पर जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने ग्रामीणों से वन्यजीवों की सुरक्षा में सक्रिय सहभागिता निभाने और मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को कम करने के लिए जागरूक रहने की अपील की। इस दौरान ग्रामीणों ने वन्यजीवों की सुरक्षा और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए वन विभाग को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। गोष्ठी में वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास की सुरक्षा, ग्रामीण क्षेत्रों में वन्यजीवों की मौजूदगी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और संघर्ष की घटनाओं को रोकने के उपायों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में जूनियर हाईस्कूल कण्वघाटी के छात्र-छात्राओं ने भी प्रतिभाग किया। पूर्व उप प्रभागीय वनाधिकारी दिनेश चंद्र घिल्डियाल, पूर्व प्रधान सुबोधनी गौड़, मदन सिंह रावत, शिक्षिका गार्गी बहुखंडी व अंजलि पांडे व आकृति संस्थान की सुषमा जखमोला ने भी विचार रखे। इस अवसर पर अशोक गौड़, दीपक डबराल, मयंक, सुनील नेगी, पितृ शरण जोशी, ममता देवी, पूनम देवी, आशा, रामकली और ध्यान सिंह सहित ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *