जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बुधवार रात कोटद्वार और आसपास के क्षेत्रों में भूकंप के दो झटके महसूस होने से लोगों में दहशत फैल गई। भूकंप के झटके महसूस होते ही कई लोग एहतियातन परिवार के साथ घरों से बाहर निकल आए। काफी देर तक लोग खुले स्थानों पर खड़े रहे। स्थिति सामान्य होने के बाद ही लोग वापस घरों में गए।

बताया गया कि रात करीब साढ़े दस बजे एक के बाद एक भूकंप के दो झटके महसूस किए गए। पहला झटका अपेक्षाकृत हल्का होने के कारण अधिकांश लोगों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। हालांकि कुछ ही देर बाद दूसरा झटका महसूस होते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग परिवार सहित घरों से बाहर निकल आए। मानपुर निवासी गोली बिष्ट ने बताया कि दूसरा झटका काफी तेज महसूस हुआ। इस दौरान घर में रखा सामान भी हिलने लगा। भूकंप के झटके महसूस होने के बाद उन्होंने परिवार के साथ घर से बाहर निकलना ही सुरक्षित समझा। काफी देर तक लोग आसपास एक-दूसरे से भूकंप को लेकर चर्चा करते रहे। भूकंप के झटकों के बाद क्षेत्र में किसी बड़े नुकसान की सूचना सामने नहीं आई, लेकिन रात के समय अचानक आए झटकों से लोगों में काफी देर तक भय का माहौल बना रहा।