पिछले वित्तीय वर्ष का भुगतान लंबित होने से विकास कार्य प्रभावित

Spread the love

बीडीसी बैठक में छाए रहे मनरेगा भुगतान, आपदा प्रभावितों को मुआवजा न मिलने का मुद्दे
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : क्षेत्र पंचायत बीरोंखाल की बैठक शनिवार को बीरबाला तीलू रौतेली सभागार में ब्लॉक प्रमुख नेहा नेगी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बिरगणा के ग्राम प्रधान कर्नल यशपाल नेगी (से.नि) ने कहा कि पिछले वित्तीय वर्ष का करीब 1.77 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बैठक में मनरेगा भुगतान में देरी, आपदा प्रभावितों को मुआवजा न मिलने, ग्राम प्रधानों को विश्वास में लिए बिना विकास कार्य कराए जाने और सड़क चौड़ीकरण के दौरान मलबा निर्धारित डंपिंग जोन के बजाय अन्य स्थानों पर फेंके जाने जैसे मुद्दे छाए रहे।
एडीओ पंचायत राजेंद्र रावत ने बताया कि जिले से 50 लाख रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है, जिसे जल्द ग्राम सभाओं को आवंटित किया जाएगा। कुणजोली के ग्राम प्रधान मुकेश रावत समेत कई प्रधानों ने आरोप लगाया कि उनकी ग्राम सभाओं में बाहरी ठेकेदार बिना सूचना दिए निर्माण कार्य करा रहे हैं। लोनिवि और पीएमजीएसवाई की समीक्षा में पोखड़ा-उफरैंखाल सड़क चौड़ीकरण के दौरान मलबा गलत स्थानों पर फेंके जाने की शिकायत सामने आई। बैठक में उपजिलाधिकारी कृष्णा तिवारी, विधायक प्रतिनिधि दर्शन रिंगोड़ा, कनिष्ठ प्रमुख विनीता देवी, ज्येष्ठ प्रमुख कुलदीप नेगी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *