यात्रा मार्ग पर नालों की दुर्गंध से श्रद्धालु परेशान

Spread the love

विकासनगर(। पछुवादून में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे बरसाती पानी की निकासी के लिए बने नाले गंदगी से अटे पड़े हैं। जो इन दिनों यात्रा मार्ग की सूरत बिगाड़ने के साथ ही बरसात में स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकते हैं। कई जगहों पर गंदगी और पॉलीथिन से नाले पटे हैं। ऐसे में यात्रा मार्ग पर दुर्गंध फैलने से संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है। क्षेत्र में एनएच किनारे कई नाले बने हुए हैं। मुख्य बाजार समेत कई अन्य जगहों पर ये नाले भूमिगत हैं, जो फुटपाथ के नीचे से गुजर रहे हैं। बरसात से पहले इन नालों की सफाई नहीं होने के कारण हर साल बस्तियों और सड़कों में जल भराव की समस्या पैदा हो जाती है। जबकि एनएच किनारे रसूलपुर में खुला नाला गंदगी से भरा हुआ। नाले के सामने सड़क पर भी गंदगी का ढेर लगा हुआ है, जिससे दुर्गंध उठती रहती है। स्थानीय निवासी संजीव चौधरी, विजय चौहान, धनंजय नेगी, रविकांत ने बताया कि इन दिनो इसी मार्ग से होकर चारधाम यात्री भी गुजर रहे हैं। ऐसे में देश विदेश से आने वाले यात्रियों के सामने क्षेत्र की छवि भी खराब हो रही है। हरिपुर निवासी सुमित कुमार, शमशेर सिंह तोमर, पूर्व प्रधान रेखा चौधरी, अनूप, शांति प्रकाश ने बताया कि इन दिनो यमुना तट पर घाट निर्माण किया जा रहा है। जबकि चार धाम जाने वाले श्रद्धालु भी यमुना स्नान के लिए हरिपुर घाट पर पहुंच रहे हैं। ऐसे में गंदगी से अटा पड़ा नाला श्रद्धालुओं के लिए भी परेशानी का सबब बना हुआ है। इसके साथ ही नाले की गंदगी यमुना में गिर रही है, जिससे हरिपुर घाट पर यमुना प्रदूषित हो रही है। उधर, एनएच के अधिशासी अभियंता सुरेश कुमार ने बताया कि यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले दोनों नालों की सफाई जल्द ही करा दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *