देहरादून(। रक्षा अनुसंधान विद्यालय के निजीकरण के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अभिभावकों ने हाथों और सिर पर काली पट्टी लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। सोमवार को कांग्रेस नेता विनीत प्रसाद भट्ट बंटू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुंदरवाला विज्ञान विहार स्थित रक्षा अनुसंधान विद्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। विनीत प्रसाद भट्ट ने कहा कि रायपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता की मांग है कि डीआरडीओ द्वारा संचालित रक्षा अनुसंधान विद्यालय को डीएवी पब्लिक स्कूल को हस्तांतरण के लिए किया गया एमओयू तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। कहा कि यह विद्यालय वर्षों से क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का आधार रहा है और कम फीस पर उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध करा रहा है। कहा कि शिक्षा को निजीकरण की ओर धकेलने के बजाय विद्यालय को केन्द्रीय विद्यालय संगठन अथवा उत्तराखंड सरकार के किसी सरकारी विद्यालय में शामिल किया जाए। कहा कि हम शिक्षा बचाने, बच्चों का भविष्य सुरक्षित करने और जनहित की आवाज बुलंद करने के लिए संघर्षरत हैं। जरूरत पड़ी तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर नगर निगम पार्षद रॉबिन त्यागी, पूर्व डीएवी कॉलेज अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल,पूर्व पार्षद प्रत्याशी शुभम चौहान, पूर्व पार्षद प्रत्याशी अभिनय बिष्ट, युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष तेजस्वी राणा, विधानसभा अध्यक्ष अतुल सक्सेना, एनएसयूआई प्रदेश सचिव मुकेश बसेड़ा,एनएसयूआई महानगर उपाध्यक्ष नितिन नेगी, मयंक रावत, सौरभ सेमवाल, दक्ष रावत, स्वयं रावत, आर्यन भंडारी, पियूष गोदियाल, आकर्ष बिष्ट आदि उपस्थित रहे।