नई टिहरी। पर्यटन नगरी धनोल्टी में कूड़ा निस्तारण की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। पांच साल से ढुलमुल व्यवस्था के कारण जगह-जगह कूड़े के ढ़ेर जमा होने से पर्यटन नगरी की छवि धूमिल हो रही है। व्यापार मंडल के साथ दो सितंबर को हुई बैठक में जिला पंचायत ने कूड़ा वाहन भेजने का वादा किया था लेकिन अभी तक वाहन नहीं पहुंच पाया है। धनोल्टी के प्रधान व व्यापारी नीरज बेलवाल, एलम सिंह पंवार, भूपेंद्र सिंह बेलवाल, मनवीर पंवार और प्रवीन जागुड़ी ने बताया कि कुछ महीने पहले व्यापारियों ने सूखा कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था की थी लेकिन दो सितंबर को जिला पंचायत ने तहसील प्रशासन की मध्यस्ता में व्यापार मंडल के साथ बैठक कर नियमित रूप से कूड़ा वाहन भेजने का आश्वासन दिया था जिससे व्यापार मंडल ने अपनी व्यवस्था बंद कर दी।
बैठक के 10 दिन बाद भी जिला पंचायत का कूड़ा निस्तारण वाहन धनोल्टी नहीं पहुंचा। इस कारण लोग अपने होटल, दुकान और घरों का कूड़ा जंगल में फेंकने को मजबूर हैं। सड़क किनारे कूड़ा फेंकने से घोड़ा मार्केट का ईको पार्क में भी गंदगी पसर रही है। अपर मुख्याधिकारी गणेश भट्ट का कहना है कि धनोल्टी मार्केट में सफाई कर्मचारी तैनात किया गया है,वहां सूखा कूड़ा जमा होने की सूचना मिलने पर वाहन भेजा जाता है। सभी बाजारों में नियमित रूप से वाहन भेजने की व्यवस्था बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।