पहली बरसात में क्षतिग्रस्त हुईं सुरक्षा दीवारें, जांच की मांग

Spread the love

नैनबाग (टिहरी)। दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग 507 पर मरोड़ से आगे सड़क पर गिरा मलबा करीब दो माह बाद भी नहीं हटाया गया है। बरसात के दौरान पहाड़ी से गिरा मलबा सड़क पर पड़ा है जिससे सड़क संकरी हो गई। लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। स्थिति यह है कि उक्त स्थान पर आमने-सामने आने वाले दो वाहन आसानी से पास नहीं हो पा रहे है।
स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग खंड की लचर कार्य प्रणाली पर रोष जताया है। मरोड़ और नैनगांव के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण का काम किया गया था। निर्माण के दौरान बनाई गई दीवारें पहली बरसात में ही क्षतिग्रस्त हो गईं।
पहाड़ी से गिरा मलबा सड़क पर डंप पड़ा हुआ है। मलबा नहीं हटाए जाने और क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत नहीं होने से लोगों की परेशानी पढ़ती जा रही है।
स्थानीय निवासी श्याम सिंह चौहान गुड्डू, प्रधान संगठन के अध्यक्ष प्रदीप कवि, पूर्व प्रधान गंभीर सिंह रावत का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च कर सड़क का चौड़ीकरण किया गया लेकिन पहली बरसात में ही सुरक्षा दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क पर मलबा पड़ा होने से आवाजाही प्रभावित हो रही है। उन्होंने जल्द मलबा हटाने, क्षतिग्रस्त दीवारों की मरम्मत कराने और निर्माण कार्य की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *