राम मंदिर और केदारनाथ धाम में चढ़ावा चोरी की निष्पक्ष जांच हो : धीरेंद्र प्रताप

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने अयोध्या स्थित राम मंदिर और उत्तराखंड के केदारनाथ मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी की घटनाओं को गंभीर बताते हुए उनकी निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन मामलों की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी सिटिंग जज की अध्यक्षता में कराई जानी चाहिए।
कोटद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता में धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि गत वर्ष केदारनाथ मंदिर में सोने से जुड़े कथित घोटाले का मामला सामने आया था, लेकिन अब तक उसकी निष्पक्ष जांच पूरी नहीं हो सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या के राम मंदिर में भी करोड़ों रूपये के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं की बातें सामने आई हैं। उनका कहना था कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर देशभर में अभियान चलाएगी। साथ ही उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। प्रताप ने बताया कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में कांग्रेस पार्टी 1 जुलाई से ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ की शुरुआत करेगी। इसके तहत 1 जुलाई को यमकेश्वर विधानसभा और 2 जुलाई को लैंसडौन विधानसभा क्षेत्र में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। पत्रकार वार्ता में जसबीर राणा, राजीव कपूर, धीरेंद्र बिष्ट, नत्थू सिंह अधिकारी, मानशेर सैनी, धर्मेंद्र रावत, सुदर्शन सिंह, कृपाल सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *