कोटद्वार-पौड़ी

धूमधाम से मनाया यीशु मसीह का जन्म दिवस, ईश्वर से की सुख-शांति की प्रार्थना

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। शुक्रवार को क्षेत्र में इसाई समुदाय के लोगों ने यीशु मसीह का जन्म दिवस क्रिसमस डे के रूप में धूमधाम से मनाते हुए प्रभु यीशु से सुख व शांति की प्रार्थना की। इस मौके पर सभी गिरजाघरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ईसाई समुदाय के लोग कैरल गीत गाकर घर-घर जाकर खुशियां बांट रहे थे। बीते कई दिनों से शहर में क्रिसमस की तैयारी शुरू हो गई थी।
बीती गुरूवार को मैथोडिस्ट चर्च कोटद्वार में कैम्प फायर का आयोजन किया गया। जिसमें इसाई समुदाय के युवक-युवतियों ने सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी। देर रात 12 बजे तक इस खुशी के मौके पर आतिशबाजी भी की गई। शुक्रवार सुबह 10 बजे चर्च में प्रार्थना सभा शुरू हुई। चर्च के पास्टर इंचार्ज डॉ. सीएम डेनियल एवं सहायक पास्टर विकास कुमार ने प्रभु ईसा मसीह के जन्म के सम्बन्ध में विश्व शांति का संदेश देते हुए समझाया कि सभी लोगों को प्रभु ईसा मसीह के पद चिन्हों पर चलते हुए दूसरे के कल्याण के लिए कार्य करने चाहिए। उन्होंने कहा कि यीशु मसीह ने दुनिया को पापमुक्त करने के लिए ही जन्म लिया। उन्होंने लोगों से प्रेम व सौहार्द के साथ रहने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रेम की शक्ति से ही दूसरों के जीवन में प्रकाश फैलाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमें प्रभु यीशु के जीवन से मिले संदेशों को आत्मसात करना चाहिए।
शुक्रवार को क्रिसमस डे के दिन सुबह से ही क्षेत्र के सभी गिरजाघरों को गुब्बारों, फूलों आदि से सजा दिया गया था। उसके बाद प्रभु यीशु की प्रार्थना शुरू हुई। जिसमें भक्तों ने प्रभु से प्रार्थना की और प्रार्थना बॉक्स में अपनी कामना की चिट्ठी डाली। इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक सहभागिता एवं सहिष्णुता के साथ ही मानव जाति के उत्थान के लिए कामना की। इसके अलावा लोगों ने बधाई गीत आया प्रभु आया, प्यारा प्रभु आया, प्रभु आया प्रेम का संदेश लाया आदि गाकर खुशी मनाई। इस मौके पर नगर निगम महापौर श्रीमती हेमलता नेगी, पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी, संजय मित्तल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!