ईटीसी के पास बदहाल सड़क, आवाजाही में परेशानी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जिला मुख्यालय में पौड़ी-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर ईटीसी के पास बदहाल सड़क पर एक बार फिर चलना मुश्किल हो गया है। बारिश के कारण सड़क पर कई जगह गड्ढे बन गए हैं और मार्ग संकरा होता जा रहा है। इससे आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बीते वर्ष बारिश के दौरान ईटीसी के समीप करीब 20 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद लोगों ने डीएम के जनता मिलन कार्यक्रम में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर विभाग ने क्षतिग्रस्त हिस्से में मिट्टी डालकर मार्ग को समतल किया था। हालांकि, हाल की बारिश के बाद सड़क फिर से बदहाल हो गई है और कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं। संकरे होते मार्ग के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति भी बन रही है। स्थानीय निवासी केदार सिंह गुसाईं और अनूप रावत ने बताया कि करीब 10 दिन पहले राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने सड़क सुधारीकरण का कार्य शुरू किया था, लेकिन इसे अधूरा छोड़ दिया गया। उन्होंने जिला प्रशासन से मार्ग को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है। वहीं, एनएच के अधिशासी अभियंता राजवीर सिंह चौहान ने बताया कि सड़क पर पुश्ता लगाने का कार्य एक सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा, जबकि पेंटिंग का कार्य सितंबर तक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *