यूकेडी ने स्थापना दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड क्रांति दल का 48वां स्थापना दिवस शनिवार को शिब्बूनगर स्थित पार्टी कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर पार्टी के दिवंगत नेताओं और उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीद क्रांतिकारियों को श्रद्धाजंलि दी गई। कार्यक्रम में अमर शहीद श्रीदेव सुमन की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कहा कि श्रीदेव सुमन ने मात्र 28 वर्ष की आयु में देश और जनहित के लिए अपने प्राणों का बलिदान देकर इतिहास में अमिट स्थान बनाया।
नगर अध्यक्ष भारत मोहन काला की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने यूकेडी के इतिहास और राज्य निर्माण आंदोलन में उसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 25 जुलाई 1979 को स्वर्गीय डीडी पंत की अध्यक्षता में उत्तराखंड क्रांति दल का गठन हुआ था। लंबे संघर्ष, आंदोलनों और जनभागीदारी के परिणाम स्वरूप 9 नवंबर 2000 को पृथक उत्तराखंड राज्य का गठन संभव हुआ, जिसमें यूकेडी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस मौके पर महेंद्र सिंह रावत, प्रवेश चंद्र नवानी, सत्यप्रकाश भारद्वाज, हरीश चतुर्वेदी, जगदीपक रावत, रोहित डंडरियाल, सत्यपाल सिंह नेगी, उम्मेद सिंह भंडारी, संदीप पंवार, नरेश धस्माना आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *