फैक्ट्री में मशीन की चपेट में आने से श्रमिक गंभीर घायल

Spread the love

फैक्ट्री के सुपरवाइजर और प्रबंधन पर जबरन मशीन चलवाने का लगाया आरोप
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर के सिगड्डी ग्रोथ सेंटर स्थित एक फैक्ट्री में मशीन की चपेट में आने से एक श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल श्रमिक ने फैक्ट्री के सुपरवाइजर और प्रबंधन पर बिना प्रशिक्षण के जबरन मशीन चलवाने का आरोप लगाया। श्रमिक ने कलालघाटी पुलिस चौकी में तहरीर दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार उदयरामपुर नयाबाद निवासी उदित सिंह सिगड्डी ग्रोथ सेंटर स्थित एक फैक्ट्री में अकुशल श्रमिक के रूप में कार्यरत है। तहरीर के अनुसार, गुरूवार देर रात करीब 12 बजे फैक्ट्री के सुपरवाइजर और प्रबंधन ने उसे मशीन चलाने के लिए कहा। श्रमिक का कहना है कि उसे मशीन चलाने का कोई प्रशिक्षण नहीं दिया गया था और उसने अपनी असमर्थता भी जताई थी। आरोप है कि इसके बावजूद उस पर मशीन चलाने का दबाव बनाया गया। इसी दौरान वह मशीन की चपेट में आ गया जिससे उसके हाथ और बांह में गंभीर चोटें आई। हादसे के बाद फैक्ट्री के कर्मचारी उसे तत्काल संयुक्त चिकित्सालय कोटद्वार ले गए जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *