बिग ब्रेकिंग

मुलायम से भी आगे निकला डिंपल की जीत का आंकड़ा, सभी विधानसभा क्षेत्रों में एकतरफा पड़े वोट

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

मैनपुरी । मैनपुरी लोकसभा सीट पर गुरुवार को संपन्न हुए उपचुनाव में सपा उम्मीदवार डिंपल यादव ने 2़88 लाख मतों से ज्यादा के अंतर से प्रचंड जीत हासिल की है। मैनपुरी सीट पर मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद हुए उपचुनाव में उनकी पुत्रवधू डिंपल यादव ने परिवार की राजनीतिक विरासत को बरकरार रखा ही, साथ ही जीत का नया कीर्तिमान भी गढ़ दिया। यह भी प्रमाणित कर दिया कि मुलायम का यह गढ़ ढहाना भाजपा के लिए अभी बहुत दूर की कौड़ी है। क्योंकि मुलायम सिंह का अखाड़ा कहे जाने वाले इस क्षेत्र के चुनाव में डिंपल की जीत उनसे भी आगे निकल गई।
मुलायम सिंह खुद भी कभी इस सीट में शामिल पांचों विधानसभा क्षेत्रों में जीत हासिल नहीं कर पाते थे, परंतु डिंपल यादव यह चमत्कार कर गढ़ की ‘महारानी’ बन गईं। मैनपुरी लोकसभा सीट को सपा का गढ़ कहा जाता है। सपा का गठन भले ही वर्ष 1992 में हुआ, परंतु मुलायम सिंह यादव के राजनीति में उभार की साथ ही यहां उनका वर्चस्व बन गया था। उनके समर्थन या पार्टी वाले प्रत्याशी ही सांसद बनते रहे।
सपा के गठन के बाद मुलायम सिंह यादव खुद वर्ष 1996 में मैदान उतरे और सांसद बने। इसके बाद से सपा यहां अजेय रही है। वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में जब भाजपा को मोदी लहर में प्रचंड जीत मिली थी, तब भी मुलायम सिंह यादव का गढ़ बरकरार रहा था।
मुलायम सिंह के निधन के बाद हुए उपचुनाव में भाजपा इस गढ़ को ढहाने के लिए पूरी ताकत से मैदान में उतरी थी। भाजपा ने शाक्य प्रत्याशी के रूप में रघुराज सिंह शाक्य को मैदान में उतारा था। दूसरी तरफ सपा अखिलेश यादव ने अपनी पत्नी डिंपल यादव को प्रत्याशी बनाया। अखिलेश, डिंपल और उनके पूरे परिवार ने नेताजी की विरासत को बचाए रखने के लिए दिन-रात पसीना बहाया। लोकसभा क्षेत्र की जनता की सहानुभूति का उनको पूरा साथ मिला। ऐसे में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा।
गुरुवार को जब मतगणना आरंभ हुई तो ईवीएम ने यह साक्ष्य देना शुरू कर दिया कि सपा का गढ़ बरकरार रहेगा। डिंपल यादव पहले राउंड से ही भाजपा प्रत्याशी से आगे निकल गईं। इसके बाद हर राउंड की गिनती में बढ़त का आंकड़ा बढ़ता चला गया। भाजपा प्रत्याशी कभी भी मुकाबले में नजर नहीं आया। अंत में डिंपल यादव ने 618128 कुल मत प्राप्त किए, जबकि भाजपा प्रत्याशी को कुल 329659 मत मिले। डिंपल यादव को 288461 मतों की बढ़त से विजय प्राप्त हुई।
मैनपुरी लोकसभा सीट पर सपा का वर्चस्व भले ही रहा हो, परंतु पूर्व के किसी भी चुनाव में सपा का कोई भी प्रत्याशी सभी विधानसभा क्षेत्रों से बढ़त नहीं ले सका था। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में खुद मुलायम सिंह यादव भोगांव विधानसभा क्षेत्र से 26 हजार वोटों से पिछड़ गए थे। भोगांव क्षेत्र से हर बार भाजपा ही बढ़त पाती रही थी।
वहीं पिछले चुनाव में भाजपा ने मैनपुरी लोकसभा सीट से भी बढ़त प्राप्त की थी। परंतु इस चुनाव में डिंपल यादव की ऐसी आंधीा चली कि भाजपा का सबसे मजबूत भोगांव विधानसभा क्षेत्र भी नहीं बच सका। डिंपल ने भोगांव से मतों और मैनपुरी से मतों की बढ़त ली। यह लोकसभा सीट के इतिहास में पहली बार हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!