जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : जनपद में लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। भारी वर्षा को देखते हुए प्रशासन ने विभिन्न विभागों की टीमें गठित कर दी हैं, जो नदियों, गाड़-गदेरों के बढ़ते जल स्तर तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि लगातार बारिश के कारण जनपद की नदियों, गाड़-गदेरों और बरसाती नालों का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में जनपदवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि लोग अनावश्यक रूप से नदियों और बरसाती नालों के किनारे जाने से बचें तथा नदी किनारे रहने वाले सुरक्षित स्थानों पर रहें। जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन हर परिस्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। आपदा प्रबंधन, पुलिस, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों की टीमें आवश्यक संसाधनों के साथ तैनात हैं। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भूस्खलन, मलबा आने या अन्य कारणों से सड़क अवरुद्ध होती है तो संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर मार्ग को सुचारु करने की कार्रवाई करेंगी। उन्होंने अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष अथवा प्रशासन को दें। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन हर परिस्थिति में जनता की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।