डीएम ने किया दिव्यांग मक्खन लाल व राजेंद्र भंडारी सम्मानित
नई टिहरी। विश्व दिव्यांग दिवस पर एनआइसी कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव व मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक रूहेला ने दिव्यांग शिक्षक मक्खन लाल शाह को शिक्षा के क्षेत्र व दिव्यांग खिलाड़ी धनवीर सिंह भंडारी को खेल में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज्यस्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया। विश्व दिव्यांग दिवस पर समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में ऑनलाइन कार्यक्रम के तहत समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य जिला उधम सिंह नगर में आयोजित कार्यक्रम तथा संबंधित जिलों के जिलाधिकारी ने अपने-अपने जिलों में चयनित दिव्यांगों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने पांच हजार रुपये का चेक, प्रशस्ति पत्र, मेडल व कोरोना किट देकर दोनों को सम्मानित किया। टिहरी के दिव्यांग शिक्षक मक्खन लाल शाह राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरोड़ा जौनपुर में शिक्षक हैं, जो भिलंगना प्रखंड के गंवाणा गांव के निवासी हैं। शाह गरीब छात्रों को उनके घर जाकर निश्शुल्क शिक्षा देते हैं। इसके अलावा उन्होंने नवाचार के क्षेत्र में भी प्रयास किए हैं। जनपद के दिव्यांग खिलाड़ी धनवीर सिंह भंडारी जनपद के लक्ष्मण झूला तपोवन क्षेत्र के मूल निवासी हैं। उत्तराखंड खेल महाकुंभ 2019 में दो स्वर्ण पदक और 2020 में भी दो स्वर्ण पदक प्राप्त किए। राज्यस्तरीय खेल 2019 में एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक हासिल किया। भंडारी को गोला, चक्का, भाला फेंक में यह पुरस्कार मिले। वे वर्तमान में उत्तरखंड व्हील चेयर क्रिकेट के वाइस कैप्टन हैं। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की ओर से दिव्यांग नरेंद्र सिंह को पैर का उपकरण वाकर एवं दिव्यांग अमिता को कान की मशीन भेंट की गई।