दो साल से टूटी पाइपलाइन, प्लास्टिक के पाइपों से हो रही आपूर्ति

देवाल। जल संस्थान की नंदकेशरी-तलसारी पेयजल योजना की पाइपलाइन दो साल से क्षतिग्रस्त है। ऐसे में ग्राम पंचायत कोठी में प्लास्टिक के पाइप जोड़कर पेयजल आपूर्ति की जा रही है। मगर इससे आए दिन आपूर्ति बाधित हो जाती है। ग्रामीणों को स्रोतों से पानी भरना पड़ता है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से योजना की मरम्मत कराने और नई योजना बनाने की मांग की।ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी, लोकपाल रावत, देवी दत्त, भुवन चंद्र, गोविन्द प्रसाद, नवीन चंद्र, बलवंत सिंह, मुन्ना, महेशानंद, अमूल, गोलू और जगदीश चंद्र ने बताया कि दो साल पहले लोनिवि की नंदकेशरी-धरातल्ला सड़क कटिंग के दौरान योजना की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। वहीं सड़क के मलबे में एक किमी से अधिक पाइपलाइन दब गई। इसके बाद विभाग ने प्लास्टिक के पाइप जोड़कर अस्थायी व्यवस्था से पानी की आपूर्ति शुरू की। उन्होंने डीएम से योजना की मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि नंदकेशरी श्रीनंदा राजजात का मुख्य पड़ाव है जहां गढ़वाल और कुमाऊं की देव डोलियों व छतोलियों का मिलन होता है। ग्रामीणों ने राजजात के मद्देनजर नई पेयजल योजना और टंकी बनाने की भी मांग की।
वहीं जल संस्थान के सहायक अभियंता डीआर मौर्य ने बताया कि सड़क कटिंग से पाइपलाइन मलबे में दब गई थी। फिलहाल प्लास्टिक की अस्थायी लाइन से आपूर्ति की जा रही है। नुकसान का आकलन कर डेढ़ साल पहले लोनिवि को इस्टीमेट भेजा गया था लेकिन क्षति की धनराशि अभी नहीं मिली है। विभाग को दोबारा पत्र भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *