दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में गंदगी का खुलासा

Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी का गंभीर मामला सामने आया है। न्यू सर्वे रोड, करणपुर स्थित दून क्लब के हांडी रेस्टोरेंट में संयुक्त निरीक्षण टीम को रसोईघर से लेकर स्टोर रूम तक गंदगी, सड़ी-गली सब्जियां, कई दिन पुरानी खाद्य सामग्री तथा चूहे और कॉकरोच की मौजूदगी मिली। निरीक्षण में सामने आई गंभीर अनियमितताओं के बाद रेस्टोरेंट को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। साथ ही संचालक को कमियां दूर करने के लिए 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तराखंड और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून के दिशा-निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार को रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रसोईघर, फ्रीजर, खाद्य सामग्री रखने के स्थान, बर्तन धोने के क्षेत्र और स्टोर रूम की जांच की गई। निरीक्षण में मिली खामियों ने रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
फ्रीजर में मिलीं सड़ी-गली सब्जियां,
कई दिन पुरानी खाद्य सामग्री
निरीक्षण के दौरान फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू समेत कई सब्जियां सड़ी-गली अवस्था में मिलीं। टीम को करीब दो दिन पुराने चावल, दो से तीन दिन पुराना गूंथा हुआ आटा तथा लगभग एक सप्ताह पुरानी मोमोज और चाउमीन बनाने की सामग्री भी मिली। खाद्य पदार्थ खुले बर्तनों में रखे हुए पाए गए।
सब्जियों और खाद्य सामग्री की यह स्थिति भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षित रखरखाव को लेकर चिंता बढ़ाने वाली है। टीम ने मौके पर मौजूद खराब सामग्री का निरीक्षण किया और नियमानुसार उसे नष्ट कराने की कार्रवाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *