देहरादूने उत्तराखंड। उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी ने अपने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून में सदस्यता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान राजनीतिक, सैन्य एवं प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े कई लोगों ने कांग्रेस की विचारधारा और नेतृत्व में विश्वास जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए इसे पार्टी के प्रति बढ़ते जनविश्वास और समर्थन के रूप में प्रस्तुत किया। सदस्यता कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह तथा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी में नए सदस्यों को कांग्रेस परिवार में शामिल किया गया।
सेवानिवृत्त आईजी और पूर्व सैन्यकर्मी भी शामिल
कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वालों में सेवानिवृत्त आईजी पुलिस अनंतराम चौहान, विधानसभा चकराता क्षेत्र से दर्शन लाल डोभाल, कैप्टन ताजवर सिंह नेगी, कैप्टन नारायण सिंह रावत, कैप्टन गंगा सिंह, कैप्टन हीरा बल्लभ पांडे, कैप्टन सोबन सिंह, जितेंद्र सिंह एवं शशांक भट्ट सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।
पार्टी की ओर से सभी नए सदस्यों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई कि नए सदस्यों के अनुभव और सक्रिय भागीदारी से संगठन को मजबूती मिलेगी तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में मदद मिलेगी।
कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचन्द शर्मा, महामंत्री अभिषेक सिंह, राजेन्द्र शाह, नवीन जोशी, विनोद चौहान, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, प्रदेश सचिव अमेन्द्र बिष्ट, अखिलेश उनियाल, प्रशांत खंडूरी एवं नरेशानन्द नौटियाल सहित अनेक कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने संगठन को मजबूत बनाने, जनता के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
संगठन विस्तार पर कांग्रेस का जोर
सदस्यता कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस ने प्रदेश में अपने संगठनात्मक विस्तार का संदेश दिया। पार्टी नेताओं के अनुसार, विभिन्न क्षेत्रों और सेवाओं से जुड़े लोगों का पार्टी में शामिल होना संगठन के लिए उत्साहजनक है।