श्रीनगर गढ़वाल : नगर क्षेत्र में चोक नालियां लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई हैं। बरसात होते ही नालियों का पानी सड़कों पर फैल जाता है जिससे जगह-जगह गंदगी पसर जा रही है। सबसे अधिक दिक्कत नर्सरी रोड के निचले हिस्से में है। जहां प्लास्टिक कचरा, सीवर और कीचड़ सड़क पर फैलने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। सोमवार को भी बारिश से नर्सरी रोड पर रेलवे पुल के समीप यह समस्या बनी रही। अल्केश्वर महादेव मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतें हुईं। बाद में नगर निगम के पर्यावरण मित्रों ने यहां पहुंचकर गंदगी साफ की। लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से नालियों की सफाई कराने तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की। वहीं नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी ने बताया कि निगम की ओर से इस समस्या का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से प्लॉस्टिक व कूड़ कचरा नालियों में न फेंकने की अपील की। (एजेंसी)