नगर पंचायत के वार्ड चार में पेयजल संकट गहराया

Spread the love

नियमित पेयजल आपूर्ति की मांग को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : नगर पंचायत सतपुली के वार्ड संख्या चार (मल्ली) में पिछले काफी समय से पेयजल संकट गहराया हुआ है। जिस कारण वार्ड वासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थनीय लोगों ने उपजिलाधिकारी सतपुली को ज्ञापन सौंपकर समस्या के निराकरण की मांग की है।
सोमवार को उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए लोगों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य के दौरान भारी मशीनों की आवाजाही एवं खुदाई के कारण पेयजल पाइपलाइन बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही है। इससे वार्ड के लोगों को नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं मिल पा रही है, जिस कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस संबंध में कई बार संबंधित विभागों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं, ताकि वार्ड-4 के निवासियों को नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। ज्ञापन सौंपने वालों में संजय सिंह, अमित रावत, कल्याण सिंह, जयदीप नेगी, डब्बल सिंह, काजू सिंह, रिंकू, सुनीता देवी, मीना देवी आदि शामिल थे।

तीन दिन से सतपुली में पेयजल किल्लत
सतपुली : नगर पंचायत सतपुली में पिछले तीन दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सामाजिक कार्यकर्ता व पीएलबी पुष्पेंद्र राणा ने समस्या के सम्बन्ध में उपजिलाधिकारी सतपुली रेखा आर्य से वार्ता की। उपजिलाधिकारी ने तत्काल जल संस्थान पौड़ी एवं संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन की पहल के बाद उम्मीद जगी है कि जल्द ही नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी, जिससे लोगों को राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *