जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दुबई के अबूधाबी स्थित एक होटल में कार्यरत उदयरामपुर निवासी युवराज सिंह के पिछले 11 दिनों से लापता होने का मामला सामने आया है। युवक से संपर्क नहीं होने पर चिंतित स्वजनों ने उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं के साथ उपजिलाधिकारी संदीप कुमार से मुलाकात कर उसकी तलाश में मदद की गुहार लगाई।

उक्रांद के केंद्रीय प्रचार सचिव उम्मेद सिंह भंडारी के नेतृत्व में कार्यकर्ता और युवराज के स्वजन तहसील पहुंचे। उन्होंने उपजिलाधिकारी को युवराज से संबंधित पूरी जानकारी उपलब्ध कराई। स्वजनों ने बताया कि युवराज सिंह पुत्र गोविंद सिंह अबूधाबी के एक होटल में कार्यरत था। पिछले 11 दिनों से उससे किसी भी माध्यम से संपर्क नहीं हो पा रहा है। लंबे समय से संपर्क नहीं होने के कारण स्वजन किसी अनहोनी की आशंका को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने उपजिलाधिकारी से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मंत्रालय और अन्य माध्यमों से संपर्क कर युवराज की तलाश कराने का अनुरोध किया। उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सैंपते समय महेंद्र सिंह रावत, रवींद्र सौंद, कृपाल सिंह सहित युवराज के स्वजन मौजूद रहे।