नईदिल्ली, इंडियन प्रीमियर लीग के बीच पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर बड़ा एक्शन लिया गया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने तेज गेंदबाज को कथित तौर पर अपनी ब्लॉगिंग गतिविधियां बंद करने को कहा है. अर्शदीप सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा एक्टिव रहते हैं और वो बिहाइंड-द-सीन्स नाम से ब्लॉगिंग भी करते रहते हैं. जिसमें वो अपने टीम के साथियों के साथ मैच से पहले और बाद की एक्टिविटी को दिखाते रहते हैं. जिसको काफी ज्यादा पसंद भी किया जा रहा है.
बीसीसीआई ने ये सख्त कार्रवाई साथी खिलाड़ी युजवेंद्र चहल से जुड़े एक विवाद के बाद की है. दरअसल एक ट्रैवल वीडियो में चहल को फ्लाइट के दौरान कथित तौर पर वेपिंग (ई-सिगरेट पीना) करते हुए दिखाया गया था.
यह मुद्दा तब सामने आया जब अर्शदीप के व्लॉग के कुछ सोशल मीडिया क्लिप वायरल हो गए. इन क्लिप्स में ऐसा लग रहा था कि चहल अपने बाएं हाथ की हथेली के नीचे कुछ छिपा रहे हैं और फिर वेपिंग करने जैसा इशारा कर रहे हैं. फुटेज में धुएं का एक छोटा सा कश भी दिखाई दे रहा था.
हालांकि, अर्शदीप के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए ओरिजिनल वीडियो में कथित तौर पर यह पूरा सीक्वेंस शामिल था, लेकिन बाद में इस क्लिप को एडिट कर दिया गया. इसके बावजूद, यह फुटेज ऑनलाइन बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच चुका था. लेकिन अब तक, न तो बीसीसीआई और न ही पंजाब किंग्स ने इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी किया है.
इस आईपीएल सीजन में वेपिंग से जुड़ा यह दूसरा मामला है. इससे पहले, राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग पर न्यू चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम के अंदर वेपिंग करते देखा गया था. भारत में वेपिंग प्रतिबंधित है. इसके परिणामस्वरूप, पराग पर उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना और एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया था.
इससे पहले बीसीसीआई ने सभी 10 आईपीएल फ्रेंचाइजी को 7 पन्नों का एक निर्देश जारी किया था. इस दस्तावेज में बोर्ड की भ्रष्टाचार-रोधी और सुरक्षा इकाई द्वारा उठाई गई गंभीर चिंताओं पर प्रकाश डाला गया था. इसमें नई मानक संचालन प्रक्रियाएं निर्धारित की गई थीं, और फ्रेंचाइजी तथा खिलाड़ियों को चेतावनी दी गई थी कि लीग की अखंडता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इनका सख्ती से पालन करना जरूरी होगा.