अज्ञात कारणों के चलते महिला ने जहर खाकर जान दी
काशीपुर। एक महिला ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया और उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन आनन फानन में उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गूलरभोज निवासी 35 वर्षीय बीना पुत्री दुलाल मंडल ने मंगलवार की देर शाम अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ खा लिया था। बीना की हालत खराब होने पर परिजन 108 एंबुलेंस की मदद से बीना को उपचार के लिए बाजपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले गए। जहां चिकित्सकों ने बीना को मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना मिलते ही बुधवार को एसएसआई विनोद फर्त्याल और नायब तहसीलदार वीरेंद्र सजवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। जहां पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दौरान मृतका के पिता दुलाल मंडल ने बताया कि उसकी पुत्री का 12 वर्ष पूर्व शंकर से विवाह हुआ था, लेकिन शंकर की मार्ग दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उसकी पुत्री बीना और उसकी तीन पुत्रियां उसके घर में रह रही थीं। दुलाल मंडल ने बताया कि 1 वर्ष पूर्व बीना ने परिजनों की सहमति के बीना एक अन्य युवक से शादी कर ली थी। शादी के करीब सात माह के बाद दोनों में मनमुटाव शुरू हो गया। इसको लेकर बीना को उसके पति ने घर से निकाल दिया था। तभी से वह उनके साथ रह रही थी। आरोप लगाया कि पति से परेशान होकर बीना ने आत्महत्या की है। दुलाल मंडल ने घटना की तहरीर गूलरभोज चौकी में देकर कार्रवाई की मांग की है।