जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार के दुर्गापुरी क्षेत्र स्थित रेंजर कॉलोनी में दो दिन पहले हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किये गए जेवर, घटना में प्रयुक्त स्कूटी तथा ताला तोड़ने में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद किए हैं।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि 2 अगस्त को रेंजर कॉलोनी निवासी प्राची रावत ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि वह अपनी मां को छोड़ने के लिए स्कूटी से तड़ियाल चौक गई थीं। कुछ घंटे बाद लौटने पर घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। कमरे में प्रवेश करने पर आलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखे जेवर और अन्य कीमती सामान चोरी हो चुके थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान होने पर पुलिस उनकी तलाश में जुट गई। पुलिस ने सूचना के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अरुण, निवासी ग्राम रजाबपुर-नौगांव, जिला अमरोहा (हाल निवासी बीईएल रोड, फौजी चक्की के निकट, रतनपुर-सुखरो), रिहान निवासी संभल सराय, जिला संभल (हाल निवासी एल-ब्लॉक, गली नंबर-8, जनता कॉलोनी, वेलकम, दिल्ली) तथा राहत अली निवासी मकान नंबर-419, एल-ब्लॉक, गली नंबर-8, जनता कॉलोनी, वेलकम, दिल्ली शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवर, घटना में प्रयुक्त स्कूटी, सब्बल, प्लास, पेचकस और कटर बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है तथा उनसे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।