द्वाराहाट पुलिस ने गुमशुदा युवक को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा

Spread the love

अल्मोड़ा। हरिद्वार से लापता एक युवक को द्वाराहाट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। युवक के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया है। पुलिस के अनुसार 1 जून को विजेंद्र कुमार निवासी ग्राम अलावलपुर, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार ने कोतवाली द्वाराहाट पहुंचकर बताया कि उनका पुत्र आदित्य कुमार 28 मई को घर से बिना बताए कहीं चला गया था। उसकी गुमशुदगी उसी दिन थाना भगवानपुर में दर्ज कराई गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर युवक की तलाश की। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि आदित्य कुमार द्वाराहाट क्षेत्र में देखा गया है। इसके बाद परिजन युवक का फोटो लेकर कोतवाली द्वाराहाट पहुंचे और पुलिस से सहायता मांगी। प्रभारी निरीक्षक विनोद जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल खोजबीन शुरू की। अपर उपनिरीक्षक विजय पाल, कांस्टेबल मनमोहन सिंह और कांस्टेबल रविंद्र कुमार ने कस्बा द्वाराहाट क्षेत्र में व्यापक तलाश अभियान चलाते हुए स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई। पुलिस टीम के प्रयासों से गुमशुदा युवक चौखुटिया रोड क्षेत्र में घूमता हुआ मिला। उसे सकुशल बरामद कर कोतवाली लाया गया, जहां युवक और उसके परिजनों की काउंसलिंग की गई। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। अपने पुत्र के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने द्वाराहाट पुलिस और अल्मोड़ा पुलिस की तत्परता तथा मानवीय कार्यशैली की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *