विधिक जागरूकता शिविर में एसबीआई ने बांटी छड़ियां, श्रवण यंत्र और वाटर प्यूरीफायर

Spread the love

अल्मोड़ा। विकासखंड लमगड़ा के राजकीय इंटर कॉलेज मेरगांव में आयोजित वृहद बहुउद्देशीय विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर में आमजन और विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी अधिकारों तथा सरकारी सेवाओं की जानकारी दी गई। शिविर में राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका, महिलाओं, बच्चों, ट्रांसजेंडर और वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों के साथ निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। शिविर के दौरान भारतीय स्टेट बैंक की ओर से जन-जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक आशीष खाली के मार्गदर्शन और मानव संसाधन प्रबंधक अजय कुमार मिश्रा के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत एसबीआई लमगड़ा शाखा की ओर से जरूरतमंद लोगों को 200 छड़ियां, 100 श्रवण यंत्र और 50 वाटर प्यूरीफायर वितरित किए गए। बैंक अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। शिविर में लोगों को बैंकिंग सेवाओं और विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्रीय लोगों में उत्साह देखा गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रबंधक आशीष खाली, मानव संसाधन प्रबंधक अजय कुमार मिश्रा, शाखा प्रबंधक लमगड़ा मुकेश कुमार कदम, संजीव कुमार सहित अन्य बैंक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *