नई दिल्ली ,1मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम नीट का पेपर लीक होने के बाद अब 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित होने जा रही है। 3 मई को हुई परीक्षा के रद्द होने के बाद देशभर में हुए भारी प्रदर्शन और उठते सवालों के बीच, सरकार अब किसी भी हाल में इस नीट री-एग्जाम को ‘लीक प्रूफÓ बनाने की पूरी तैयारी में जुटी हुई है। इसी कड़ी में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान खुद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (हृञ्ज्र) के मुख्यालय पहुंचे और वहां चल रही तमाम व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए नीट परीक्षा के रिजल्ट और आगे की रणनीति को लेकर एक बहुत बड़ा अपडेट साझा किया है।
रिजल्ट को लेकर शिक्षा मंत्री ने छात्रों से कही ये अहम बात
नीट री-एग्जाम से पहले लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर परीक्षा का रिजल्ट कब तक जारी किया जाएगा, ताकि मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके। इस पर स्थिति साफ करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार ने पहले ही वादा किया है कि इस बार नीट की परीक्षा पूरी तरह से सुरक्षित और लीक प्रूफ होगी। उन्होंने छात्रों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस बार परीक्षा का रिजल्ट बिल्कुल सटीक समय पर जारी किया जाएगा ताकि किसी भी बच्चे का अकादमिक नुकसान न हो। इसके साथ ही उन्होंने छात्रों से खास अपील की है कि वे किसी भी बात की चिंता किए बिना अपना पूरा ध्यान सिर्फ और सिर्फ पढ़ाई पर केंद्रित रखें।
कई बड़े मंत्रालयों के साथ चल रही है उच्च स्तरीय बातचीत
शिक्षा मंत्री ने परीक्षा की फुलप्रूफ तैयारियों को लेकर आ रही चुनौतियों का भी विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए वे लगातार सरकार के अन्य अहम मंत्रालयों के संपर्क में हैं। धर्मेंद्र प्रधान ने जानकारी दी कि उन्होंने इस संबंध में गृह मंत्री और रक्षा मंत्री से खास मुलाकात की है और जल्द ही स्वास्थ्य मंत्री के साथ भी उनकी अहम बैठक होने वाली है। इस पूरे संवेदनशील मुद्दे पर वित्त मंत्रालय भी अपनी पैनी नजर बनाए हुए है। इसके अलावा सभी राज्यों के मुख्यमंत्री भी इस प्रक्रिया को सफल बनाने में अपना पूरा सहयोग दे रहे हैं। शिक्षा मंत्री ने पूर्ण विश्वास जताया कि सरकार इस बार अपने इस अहम दायित्व को सफलतापूर्वक पूरा करेगी।
केंद्रीय गृह सचिव जल्द लेंगे सुरक्षा पर एक बड़ी बैठक
एनटीए आगामी 21 जून को देशभर में बड़े पैमाने पर री-नीट एग्जामिनेशन आयोजित करने जा रहा है। शिक्षा मंत्री ने बताया कि वे खुद एनटीए ऑफिस में नए क्वेश्चन पेपर बनाने से लेकर आगे की पूरी प्रक्रिया की सख्त समीक्षा कर रहे हैं। इस बार परीक्षा को लेकर सुरक्षा के लिहाज से पहले से कहीं ज्यादा सावधानी बरती जा रही है और कई उच्च स्तरीय बैठकें भी लगातार की जा रही हैं। शिक्षा मंत्री ने यह भी बताया कि विभिन्न राज्यों के स्तर पर अलग-अलग बैठकें जारी हैं और आने वाले दिनों में भारत सरकार के गृह सचिव भी इसे लेकर एक बहुत बड़ी बैठक करने वाले हैं, जिसमें देश की सभी प्रमुख एजेंसियां अपनी भूमिका और सुरक्षा तैयारियों की पूरी रिपोर्ट पेश करेंगी।