श्रीनगर में आरवीएनएल व निर्माणदायी कंपनी का फूंका पुतला

रेलवे सुरंग निर्माण में ब्लॉस्टिंग पर रोक लगाने की मांग की
श्रीनगर गढ़वाल : श्रीनगर में जीआईटीआई मैदान से जाने वाली रेलवे सुरंग के निर्माण में भारी विस्फोटकों का उपयोग किए जाने पर स्थानीय लोगों ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। विरोध स्वरूप पौड़ी बस स्टैंड पर लोगों ने आरवीएनएल व निर्माणदायी कंपनी का पुतला फूंक कर ब्लॉस्टिंग के उपयोग को रोके जाने की मांग की। कहा भारी विस्फोटकों से उनके मकानों में दरारें आ गई हैं। जिससे भी कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान स्थानीय निवासी अमित धनाई ने कहा कि अपर हाईडिल कॉलोनी, ट्रेजरी रोड, नर्सरी रोड सहित बाजार क्षेत्र में ब्लॉस्टिंग से लोगों के मकान हिल रहे हैं। कई मकानों में दरारें आ गई हैं। जिससे लोग भयभीत हैं। उन्होंने कहा कि जोशीमठ के आस-पास इस समस्या की अनदेखी किए जाने का परिणाम सबके सामने है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर के पहाड़ी ढलान वाले हिस्से पर सुरंग का निर्माण किया जाना भविष्य के लिए खतरे का संकेत है। कहा कई बार कंपनी व स्थानीय प्रशासन से विस्फोटकों पर रोक लगाए जाने की मांग कर दी गई है। बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही इस समस्या से निजात नहीं मिली तो उन्हें उग्र आंदोलन को विवश होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का अभी तक नुकसान हो गया है उसका भुगतान भी कंपनी तत्काल करे। प्रदर्शन करने वालों में पीएल आर्य, मुकुल चौधरी, परमेश्वरी धनाई, मेहरबान सिंह रावत, गुड्डु लाल, शकुंतला नेगी आदि शामिल रहे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *