3.20 करोड़ से अधिक विकास योजनाओं की दी सौगात
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम है। इसके जरिए सरकार अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाती है, वहीं लोगों को अपनी समस्याएं सीधे सरकार के सामने रखने का अवसर भी मिलता है।
सोमवार को बीरोंखाल विकासखंड के दौरे पर पहुंचे सतपाल महाराज ने भरपूर बड़ा, नेग्याणा, कसाणी, हलाड़, सैंधार, भरोलीखाल और कमलिया वल्ला सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र को 3.20 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी और कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने 2.71 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले भगवती तलिया-कमलिया पांच किलोमीटर मोटर मार्ग पर आरसीसी पुल, 39.18 लाख रुपये की लागत से सैंधार-नेग्याणा-चोरखिंडा मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य तथा 10 लाख रुपये की लागत से ग्राम पंचायत कैलाड में पंचायत भवन निर्माण का शिलान्यास किया। इस दौरे के दौरान कैबिनेट मंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि भूमियाखांडा-किंगोड़ीधार, डांडा नागराजा ग्राम समूह, वेदीखाल, बरसुण्डा देवता, भैरोंगढ़ी, जूनीसेरा-चौबट्टाखाल तथा हलूणी समेत कई महत्वपूर्ण पेयजल और सिंचाई पंपिंग योजनाओं पर करोड़ों रुपये की लागत से कार्य चल रहे हैं। इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा।