आंधी में बुजुर्ग के ऊपर गिरा बिजली का पोल, घायल

Spread the love

रुरुद्रपुर। अपने प्लॉट पर काम कर रहे एक बुजुर्ग के ऊपर आंधी में अचानक बिजली का पोल गिर गया, जिससे वह घायल हो गए। परिजनों ने ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता (ईई) से हर्जाने की मांग की है। ईई ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गुरुवार को विशाल कुमार निवासी ग्राम महाराजपुर ने विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता को शिकायती पत्र देकर बताया कि मंगलवार शाम करीब छह बजे उनके पिता वीरेंद्र सिंह, ग्राम कनकपुर स्थित श्याम कॉलोनी में अपने प्लॉट पर काम कर रहे थे। तभी प्लॉट से सटा बिजली का पोल अचानक उनके ऊपर गिर गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकाला। हादसे में उनके पिता घायल हो गए। विशाल ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए परिवार को उचित हर्जाना दिलाने की मांग की है। इधर, ऊर्जा निगम के लालपुर उपखंड अधिकारी दिनेश शर्मा ने बताया कि आंधी के चलते बिजली आपूर्ति पहले से ही बंद थी। तेज हवा के कारण पोल असंतुलित होकर गिर गया। अधिशासी अभियंता संजय कुमार तिवारी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ गया है। जांच लालपुर उपखंड अधिकारी को सौंपी गई है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *