बेटियों को शक्षित व आत्मनिर्भर बनाने पर दिया जोर

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार नगर निगम के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र पदमपुर में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी नेहा बेलवाल ने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी दी। कहा कि बेटियों को बोझ नहीं समझना चाहिए, बल्कि उन्हें बेटों के समान अधिकार व अवसर मिलने चाहिए, ताकि वे भी अपने भविष्य को सुरक्षित और सशक्त बना सकें। कार्यक्रम में सुपरवाइजर संतोषी गुसाई ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना और नंदा गौरा योजना जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ समय पर लेने के लिए प्रेरित किया। सुपरवाइजर वसुंधरा नेगी ने गर्भवती महिलाओं व बालिकाओं के स्वास्थ्य व पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इस दौरान बालिकाओं का वजन लेकर उनके स्वास्थ्य की जांच भी की गई। कार्यक्रम के अंतर्गत कन्या जन्मोत्सव केक काटकर उत्साहपूर्वक मनाया गया और छ: बालिकाओं को उपहार भी दिए गए। धात्री महिलाओं ने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवा कर कार्यक्रम को यादगार बनाया। दो धात्री महिलाओं के प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के ऑनलाइन आवेदन भी भरे गए। कार्यक्रम में विमला राणा, बीना कोठारी, अनिता देवी, सतेश्वरी देवी, रानी नेगी, उर्मिला नेगी सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *