बेस अस्पताल के कर्मचारी व अधिकारियों को बताए आग से बचाव के तरीके

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गर्मी के मौसम में आग जैसी घटनाओं को रोकने के लिए दमकल विभाग की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत बुधवार को राजकीय बेस चिकित्सालय में भी कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें कर्मचारी व अधिकारियों को मॉकड्रिल के माध्यम से आग से बचाव के तरीके बताए गए।
दमकल कर्मियों ने मॉकड्रिल कर जानकारी दी। कार्यशाला में चिकित्सकों व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों अग्निशमन उपकरणों के उपयोग के बारे में भी विस्तार से बताया गया। कहा कि प्रत्येक कर्मचारी व अधिकारी को अग्निशमन उपकरणों की जानकारी होनी चाहिए। जिससे एक बड़े हादसे को होने से बचाया जा सकता है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. विजय सिंह ने बताया कि गर्मियों ने आग की घटनाएं तेजी से बढ़ती हैं। ऐसे में जरूरी है कि प्रत्येक कर्मी को आग बुझाने के तरीकों की जानकारी हो। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी महताब अली ने बताया कि गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती है। इसके तहत विभिन्न संस्थानों में कार्यशाला के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यशाला के दौरान खुले में कूड़े पर आग लगाकर उसे बुझाने का तरीका भी बताया गया। साथ ही पानी की मदद से किस तरह आग को बुझाया जाता है, इस बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *