उत्तराखंड

मौसम की चुनौतियों के बाद भी श्रद्धालुओं में भारी उत्साह, अब तक 1.66 लाख से अधिक ने किए दर्शन

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

देहरादून , एजेंसी। अब तक 1.66 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में दर्शन किए हैं। मौसम की चुनौतियों के बाद भी अब तक केदारनाथ धाम में 61 हजार से ज्यादा भक्तों ने दर्शन किए।
केदार घाटी में बारिश और बर्फबारी के बीच बाबा केदार के दर्शन के लिए तीर्थयात्रियों को काफी उत्साह है। 3070 तीर्थयात्री हेली सेवा से केदारनाथ धाम पहुंचे हैं। यमुनोत्री धाम में कपाट खुलने से अब तक 44 हजार, गंगोत्री धाम में 46 हजार और बदरीनाथ में लगभग 16 हजार से अधिक यात्रियों ने दर्शन किए हैं।
मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए 30 अप्रैल तक पंजीकरण बंद किया गया। पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक योगेंद्र गंगवार ने बताया कि चारधामों में दर्शन के लिए तीर्थयात्रियों में भारी उत्साह है। केदारनाथ व बदरीनाथ धाम में मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराए जा रहे हैं।
हेमकुंड साहिब के कपाट 20 मई को खुलेंगे। हेमकुंड के लिए अब तक 16 हजार श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। जबकि चारधाम यात्रा के लिए 21 लाख से अधिक यात्री पंजीकरण कर चुके हैं।
केदारनाथ यात्रा में स्वास्थ्य विभाग ने सोनप्रयाग से केदारनाथ तक स्थापित एमआरपी में 974 यात्रियों के स्वास्थ्य की जांच कर उपचार किया गया। इस मौके पर 5 यात्री शपथ पत्र देकर अपने जोखिम पर धाम के लिए रवाना हुए।
सीएमओ डॉ. हरीश चंद्र सिंह मार्तोलिया ने बताया कि 55 वर्ष तक के 700 और 55 वर्ष से अधिक उम्र के 274 यात्रियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। जांच में ऑक्सीजन लेवल, ब्लड प्रेशर, शुगर और पल्स रेट जांची गई। 969 यात्री पैदल यात्रा के लिए स्वस्थ्य पाए गए।
जबकि ऑक्सीजन लेबल और रक्तचाप अधिक होने की स्थिति में पांच यात्रियों को रुकने के लिए कहा गया लेकिन उन्होंने शपथपत्र भरकर स्वयं के जोखिम पर यात्रा की बात कही। इसके बाद उन्हें धाम के लिए रवाना किया गया। साथ ही सभी एमआरपी पर उन्हें अपना रक्तचाप जांच के लिए कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!