पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व : डॉ. राजवंशी

Spread the love

भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में धूमधाम से मनाया हरेला पर्व
जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : उत्तराखंड की लोक संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक हरेला पर्व के अवसर पर भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) एवं नमामि गंगे के तत्वावधान में पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में अमरूद, आंवला, माल्टा सहित विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. प्रो. लवली रानी राजवंशी ने कहा कि हरेला पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण प्रदान किया जा सकता है। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अजय रावत ने अपने संबोधन में कहा कि हरेला केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ हमारे आत्मीय संबंध को मजबूत करने का अवसर है। राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य समाज में सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। स्वयंसेवियों द्वारा लगाया गया प्रत्येक पौधा भविष्य में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान होगा। इस अवसर पर डॉ. मनोज परमार, डॉ. अर्चना नौटियाल, डॉ. वसीम अहमद, डॉ. उमेश ध्यानी, राजीव रजवार, पंकज रावत, अनिल सिंह, रूप सिंह, अजय पाल सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *