श्रीनगर गढ़वाल : 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के प्राकृतिक चिकित्सा व योग विभाग की ओर से कार्यशाला व विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि विवि के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह के नेतृत्व में इस बार भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा।
इस दौरान गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार के योग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. उद्धम सिंह विषय विशेषज्ञ ने छात्रों को योगासन व षटकर्म की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। इसके साथ ही गुरूकुल कांगड़ी विवि हरिद्वार के वेद विभाग के डा. दीनदयाल ने योग दर्शन विषय पर एक विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को योग दर्शन की व्यावहारिक उपयोगिता से अवगत कराया और जीवन में इसके महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में प्राकृतिक चिकित्सा व योग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अनुजा रावत ने सभी अतिथियों, शिक्षकों व विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक डॉ. जीएस ठाकुर, डॉ. सी. बेताल, डॉ. रजनी नौटियाल, डॉ. किरण वर्मा, डॉ. विनोद नौटियाल आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)