श्रीनगर गढ़वाल : इडवालस्यूं पट्टी के गिरंगांव में सोमवार रात 10 बजे एक घर के आंगन से कुछ ही दूरी पर गुलदार दिखाई दिया, जिससे ग्रामीण दहशत में आ गए। परिवार के सदस्यों ने शोर मचाया तो गुलदार भाग गया। गिरंगांव निवासी सुभाष मैठाणी ने बताया कि सोमवार रात उनकी पत्नी आंगन में चूल्हे पर खाना बना रही थीं। घर के चारों ओर लाइटें जल रही थीं। वह खाना खाने के लिए कमरे से बाहर निकलकर आंगन की ओर बढ़े तो देखा कुछ ही दूरी पर बैठा गुलदार गुर्राने लगा। यह देख परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। सभी ने शोर मचाया तो गुलदार वहां से भाग गया। सुभाष मैठाणी ने बताया कि यदि उस समय लाइट नहीं जल रही होती तो गुलदार हमला कर सकता था। ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में पिंजरा लगाने और नियमित गश्त कराने की मांग की। वन विभाग के रेंजर नक्षत्र शाह ने बताया कि टीम को मौके पर भेजा जा रहा है और क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी। (एजेंसी)