पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर लौटे परिजन

Spread the love

देहरादून। झड़ीपनी कोल्हूखेत बाईपास मार्ग पर कार के ब्रेक फेल होने से चार लोगों की मौत की मौत के मामले में पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। हादसे में मृतक लोगों के परिजन शव लेकर घर लौट गए। बुधवार को झड़ीपनी कोल्हूखेत बाईपास मार्ग पर कार के ब्रेक फेल होने से चार लोगों की मौत हो गई थी। हादसे में मां-बेटे समेत सरकारी टीचर की मौत हुई थी। मसूरी पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच की। घटनास्थल के साथ ही कार की भी टेक्निकल टीम जांच करेगी। वहीं, 10 जून की देर रात 11 बजे करीब पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की जो रात्रि 2 बजे तक चली।
मसूरी कोतवाली के इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि देर रात पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन रात को ही मसूरी से वापस लौट गए थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने में लगभग 20 दिन का समय लगेगा। इसके बाद ही अग्रिम कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। संभवत: कार के ब्रेक फेल होने से ही उक्त दुर्घटना हुई है।
मसूरी कोह्लू खेत बाईपास मार्ग पर कार दुर्घटना होने के बाद स्थानीय निवासियों के द्वारा उक्त स्थान पर सुरक्षा इंतजाम नहीं होने को लेकर आक्रोश व्यक्त किया गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि उक्त मार्ग पर पहले भी वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन नगर पालिका द्वारा उक्त मार्ग पर ना तो रैलिंग और ना ही क्रॉस बैरियर लगाए गए हैं जिसके चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय निवासी प्रदीप भंडारी ने बताया कि यदि उक्त मार्ग पर क्रॉस बैरियर या रेलिंग लगी होती तो शायद वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से बच जाता लेकिन सड़क पर अधिक ढलान होने व क्रॉस बैरियर ना होने के कारण आए दिन इस तरह की दुर्घटनाएं हो रही हैं। इससे पूर्व भी उक्त मार्ग पर दो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए जिसमें वाहन सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए थे लेकिन इसके बाद भी नगर पालिका द्वारा उक्त मार्ग पर सुरक्षा को देखते हुए कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने नगर पालिका से उक्त मार्ग पर क्रॉस बैरियर व रेलिंग लगाने की मांग की हैl
पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि को देखते हुए उक्त मार्ग पर नगर पालिका द्वारा क्रॉस बैरियर लगाने की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *