निर्माण सामग्री सड़कों पर स्कूटर फिसला, दंपति घायल,

Spread the love

देहरादून। शहर के विभिन्न संपर्क मार्गों और मुख्य मार्ग पर निर्माण सामग्री डाले जाने के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। विगत रात्रि एक दंपति स्कूटर से बर्लोगंज की ओर जाते समय सड़क पर फैली निर्माण सामग्री के कारण चोटिल हो गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी। जिसने विभागों की कार्यप्रणाली की पोल खोल दी। इन दिनों मसूरी में पर्यटन सीजन चरम पर है लेकिन नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग व राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जगह-जगह निर्माण सामग्री के ढेर लगे हुए हैं, स्कूटी मोटरसाइकिल वाले लगातार बजरी में फिसलने से घायल हो रहे हैं। इसकी वजह से जाम भी लग रहा है। सबसे ज्यादा निर्माण सामग्री कंपनी गार्डन मार्ग व हरनाम सिंह मार्ग पर डाली गई है। यहां से ट्रैफिक को भी वन वे किया जा रहा है जिससे वहां पर जाम की स्थिति बन रही है। पूर्व में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी द्वारा ली गई संबंधित विभागों की बैठक में यह मुद्दा उठाया गया था जिसके बाद कैबिनेट मंत्री ने सभी विभागों को सड़कों पर रखे निर्माण सामग्री को हटाने के निर्देश भी दिए थे। लगभग 15 दिन की बीत जाने के बाद भी संबंधित विभागों द्वारा इस पर कोई कार्यवाही नहीं की गई। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि किंक्रेग स्थिति कई स्थानों पर रखी गई निर्माण कार्य सामग्री को हटाया गया है। संबंधित व्यक्तियों को चेतावनी दी गई है। अन्य स्थानों पर रखी गई निर्माण सामग्री को हटाने के लिए नगर पालिका द्वारा जेसीबी मशीन और कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *