रघुनाथ कीर्ति परिसर के भीतर पहुंची आग, मची अफरा तफरी

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : बीती रविवार रात को तीर्थनगरी के पौड़ी जिला स्थित वार्ड चार के बाह बाजार क्षेत्र में आग चारों ओर फैल गई। वहीं रघुनाथ कीर्ति परिसर के भीतर आग पहुंचने से छात्र, छात्राओं, शिक्षकों सहित कर्मचारियों में अफरातफरी हो गई। छात्रावास के ऊपर आग की लपटें उठने से सभी सहम गए। कुछ देर बाद आग की लपटें कम हुईं तो लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं आग बाह बाजार के ऊपर स्थित जंगल तक पहुंची और कुछ ही देर में बस्ती के पास तक पहुंच गई, जिससे परिवार दहशत में आ गए। सूचना पर वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद वन कर्मियों की ओर से आग को बस्ती की ओर आने से रोका जा सका। वहीं सोमवार को बाह बाजार के ऊपर स्थित खेड़ा गांव आग से चारों ओर से घिर गया, जिससे ग्रामीण बुझाने में जुट गए। आग से नगर से लेकर गांवों तक धुआं फैला है। वहीं इससे गर्मी भी बढ़ गई है। (एजेंसी)

विधायक कंडारी ने पीड़ित परिवार को सौंपा चेक
श्रीनगर गढ़वाल : ग्राम सभा पैंडुला पिपोला गांव की महिला की आग की चपेट में आने पर असमय मृत्यु से क्षेत्र में शोक की लहर है। सोमवार को क्षेत्रीय विधायक विनोद कंडारी ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को ढाढ़स बंधाया तथा दु:ख की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। विधायक ने परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि भी सौंपी। विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि आग की घटनाएं बेहद दुखद और चिंताजनक हैं। उन्होंने लोगों से जंगलों को आग से बचाने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही प्रशासन से भी वनाग्नि रोकथाम के प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने की बात कही। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे में पीड़ित परिवार ने अपना सबसे बड़ा सहारा खो दिया है जिसकी भरपाई संभव नहीं है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *