श्रीनगर गढ़वाल : इन दिनों पड़ रही चिलचिलाती गर्मी का असर लोगों की दिनचर्या पर दिखाई दे रहा है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग अब ठंडे पेय पदार्थों खासकर नारियल पानी और जूस की ओर ज्यादा रुख कर रहे हैं। ऐसे में अब नारियल पानी और जूस के दाम भी बढ़ गए हैं। स्थानीय निवासी गजेंद्र दत्त मैठाणी ने कहा कि पहले जहां 70 रुपये में नारियल पानी मिल जाता था अब 90 रुपये देने पड़ रहे हैं। गढ़वाल विवि गेट और पौड़ी चुंगी क्षेत्र में जूस और गन्ने का जूस बेचने वाले दुकानदार भी ग्राहकों की बढ़ती संख्या से खुश हैं। जूस विक्रेता विनोद ने बताया कि गर्मी बढ़ते ही कारोबार तेज हो जाता है। इस बार यात्रा सीजन का भी फायदा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि दुकानदारों ने अपने स्तर पर ज्यादा रेट नहीं बढ़ाए हैं लेकिन मंडी में सामान महंगा मिलने का असर जरूर पड़ रहा है। (एजेंसी)